विधायक विक्रम मंडावी ने की घटना की निंदा, निष्पक्ष जांच की मांग
बीजापुर। भोपालपटनम में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा नेता पर दो आदिवासी युवकों की गिरफ्तारी को लेकर सत्ता के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। विधायक मंडावी ने बताया कि 5 जनवरी को भोपालपटनम थाना क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बिलाल खान से मिलने आए दो आदिवासी युवक संदीप तलाण्डी और आत्रम रमेश को मनगढ़ंत आरोपों के तहत हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया था, लेकिन बाद में कथित राजनीतिक दबाव में झूठी कहानी गढ़कर उन्हें जेल भेज दिया गया।

पीड़ित युवक आत्रम रमेश की पत्नी अंजलि आत्रम ने मीडिया को बताया कि उनके पति और भाई गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे भाजपा नेता के घर के सामने मोबाइल चला रहे थे। इस पर भाजपा नेता बिलाल खान ने “फोटो खींच रहे हो” कहकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस दोनों युवकों को थाना ले गई। कुछ देर बाद थाना प्रभारी ने उन्हें छोड़ दिया, लेकिन इसके तुरंत बाद दोबारा थाने बुलवाकर पहले एसडीएम के पास ले जाया गया और फिर जेल भेज दिया गया।

विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में चूर होकर निर्दोष आदिवासी युवकों को प्रताड़ित कर रहे हैं। “यह आदिवासियों पर सीधा अत्याचार है,” उन्होंने कहा। साथ ही पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की।
खबर लिखे जाने तक दोनों युवकों को कोर्ट से जमानत मिल चुकी थी। जेल से रिहा होने के बाद विधायक विक्रम मंडावी ने विधायक कार्यालय में फूल-माला पहनाकर दोनों युवकों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के गलत कार्यों का वे लगातार विरोध करते रहेंगे और निर्दोष आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता के पश्चात विधायक विक्रम मंडावी ने पीड़ित परिवारों के साथ कलेक्टर बीजापुर के नाम एसडीएम भोपालपटनम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें इस कथित षड्यंत्र में शामिल सभी जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, बसंत ताटी, कामेश्वर गौतम, सत्यम के. जी., मनोज यालम, रमेश पामभोई, सुनील उद्दे,रिंकी कोरम, अशोक मडे, रवि बोरे, सवलम संटी, सुरेंद्र चापा, सरिता चापा, सुरेश सोढ़ी, अरुण वासम, पार्वती गौतम, मिच्चा समैया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा का पक्ष— व्यक्तिगत मामला, पार्टी से जोड़ना गलत

मामले को लेकर भाजपा जिला महामंत्री फूलचंद गागड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भोपालपटनम में घटित घटना भाजपा कार्यकर्ता बिलाल खान का व्यक्तिगत मामला है और इसका भारतीय जनता पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक विक्रम मंडावी राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से व्यक्तिगत घटना को पार्टी से जोड़कर भाजपा को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।गागड़ा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, न कि इसे राजनीतिक रंग दिया जाए। उन्होंने विधायक के आरोपों को निराधार और राजनीति से प्रेरित बताया।
