दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- जिले के ग्राम किरकी निवासी कृषक संतोष कुमार वर्मा ने इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 51 क्विंटल धान विक्रय कर शासन द्वारा किसानों के लिए की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की खुलकर प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि इस बार की खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान हित में रही है। विशेष रूप से ऑनलाइन टोकन प्रणाली ने उनकी खेती-किसानी के काम को पहले से कहीं अधिक आसान बना दिया है। किसान वर्मा ने बताया कि ऑनलाइन टोकन मिलने से अब उन्हें केंद्र में लाइन लगाने, घंटों प्रतीक्षा करने या भीड़ का सामना करने की जरूरत नहीं रहती। निर्धारित समय पर पहुँचनें पर तत्काल तौल की सुविधा मिल जाती है, जिससे उनका कीमती समय बचता है। उन्होंने कहा कि—
“पहली बार ऐसा महसूस हुआ कि खरीदी केंद्र में किसान का सम्मान बढ़ा है। ऑनलाइन टोकन ने सच में बड़ी राहत दी है।
उन्होंने आगे बताया कि धान विक्रय से प्राप्त राशि उनके घर-परिवार के दैनिक खर्चों, कृषि कार्यों और आवश्यक जीवनयापन में महत्वपूर्ण सहारा प्रदान करेगी। किसान वर्मा ने कहा कि इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और घर की जरूरतों को पूरा करने में आसानी होगी। कृषक संतोष कुमार वर्मा ने छत्तीसगढ़ शासन और विशेषकर माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए लायी गई यह नई व्यवस्था समय, श्रम और धन—तीनों की बचत करवाने वाली ऐतिहासिक पहल है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष की धान खरीदी व्यवस्था ने हम किसानों को भरोसा दिलाया है कि शासन हर परिस्थिति में हमारे साथ खड़ा है। यह सुविधा वास्तव में किसान हित में लिया गया बड़ा निर्णय है। किसान वर्मा ने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह की आधुनिक, तकनीक आधारित और पारदर्शी व्यवस्थाएँ लागू होती रहें, ताकि किसानों के समय और मेहनत की बचत हो तथा उन्हें उनका उचित अधिकार सहज रूप से मिलता रहे।
