
कांकेर। कृषि अनुसंधान केंद्र कांकेर में आज जिला स्तरीय तिलहन मेला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों और कृषि विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही। मेले का उद्देश्य तिलहन फसलों के उन्नत उत्पादन, नई तकनीकों और शासकीय योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक आशाराम नेताम रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष तारा ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य मृदुला भास्कर, जनपद पंचायत कांकेर अध्यक्ष पूर्णिमा ईश्वर कवाड़े, जनपद सदस्य अशोक कचलाम तथा नीतीश सलाम शामिल हुए।

इसके साथ ही पूर्व भाजपा मंडल धनेलीकन्हार से जुड़े सितंबर कवाड़े और भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा धनेलीकन्हार सदस्य योगेश किशोर ठाकुर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कृषि विभाग की ओर से उपसंचालक जितेन्द्र कोमरा, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी मायाराम नेताम, अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। मेले में तिलहन फसलों की उन्नत किस्मों, बीज उपचार, पोषण प्रबंधन, कीट नियंत्रण तथा आधुनिक खेती पद्धतियों पर विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी दी। किसानों ने प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर तकनीकी सलाह भी प्राप्त की। यह आयोजन किसानों के लिए उपयोगी और मार्गदर्शक साबित हुआ।
