दैनिक मूक पत्रिका भैरमगढ़/बीजापुर – राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई भैरमगढ़ द्वारा ग्राम कोड़ोली में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह बीते शुक्रवार को संपन्न हुआ। यह शिविर 15 से 21 नवंबर तक चला, जिसमें छात्रों को समाज सेवा और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया।
समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपसरपंच संतुराम नाग और विशिष्ट अतिथि जी. आर. जैन, प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल कोड़ोली, उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य गोकुल राम निषाद ने की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा न केवल व्यक्तित्व को निखारती है बल्कि समाज को मजबूत बनाने का रास्ता भी खोलती है। छात्रों को ऐसे शिविरों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. यू.के. साहू ने सात दिनों में किए गए कार्यों की जानकारी साझा की और बताया कि शिविर का उद्देश्य युवाओं में जिम्मेदारी, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता विकसित करना है।
समापन समारोह में सचिव, पंच, पटेल, स्थानीय शिक्षक, महाविद्यालय के प्राध्यापक और स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने शिविर की गतिविधियों की सराहना की और युवाओं को समाज के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
