
केशकाल। ग्राम अड़ेगा (बाजारपारा) में कलार समाज एवं अन्य समाजों के संयुक्त सहयोग से कन्या भोज एवं हवन कार्यक्रम का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। सुबह से ही गांव का माहौल भक्तिमय बना रहा। जिसमें ग्रामीणों ने पूरे श्रद्धा भाव से आहुतियाँ अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और समाज की उन्नति की कामना की।
हवन के उपरांत कन्या भोज का आयोजन किया गया। बालिकाओं को ‘देवी स्वरूप’ मानकर उनका विधिवत पूजन कर भोजन कराया गया और उपहार स्वरूप फल, सामग्री एवं पूजन सामग्री भेंट की गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में शामिल होकर सामाजिक एकता और परंपरा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
आयोजन में महिलाओं ने प्रसाद एवं विभिन्न व्यंजन तैयार किए, वहीं युवाओं ने सजावट, बैठक व्यवस्था और अनुशासन का दायित्व संभाला। ग्रामवासियों के सामूहिक सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
कलार समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि नवरात्रि पर्व के अवसर पर हर वर्ष इस तरह का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना, भाईचारा और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण करना है। अन्य समाजों के लोगों की सहभागिता ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया।
गांव के वरिष्ठ नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आने वाली पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलता है और गांव में आपसी सहयोग की भावना और मजबूत होती है।
