दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा/नारायणपुर– ग्राम पंचायत नारायणपुर स्थित सेवा सहकारी समिति धान खरीदी केंद्र का बुधवार को विधिवत् और भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धान से भरे बोरे और कांटा-बांट की पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ की गई। पूजा पश्चात किसानों को मिठाई खिलाकर शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की गई।
पहले ही दिन केंद्र में 52 क्विंटल धान की खरीदी की गई, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों और किसानों ने धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए आगे भी इसी तरह व्यवस्थित रूप से खरीदी संचालन की मांग की।
कार्यक्रम में सरपंच संघ अध्यक्ष लालन यादव, सरपंच बिसाहू राम साहू, समिति प्रबंधक पंकज ठाकुर, अभिषेक शर्मा, विजय वर्मा सहित धान खरीदी केंद्र के कर्मचारी एवं आसपास के दर्जनों किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
धान खरीदी के शुभारंभ के साथ ही किसानों में नई उम्मीद और उत्साह का माहौल बन गया है।
