Oplus_131074
62वीं बटालियन ने पांच गांवों के जरूरतमंदों के बीच बांटी उपयोगी सामग्री
बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा अभियानों के साथ सामाजिक जुड़ाव की कोशिशें भी लगातार जारी हैं। इसी कड़ी में सीआरपीएफ की 62वीं बटालियन ने 23 फरवरी 2026 को चेरामंगी क्षेत्र में सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालनिक) रेंज बीजापुर बी.एस. नेगी के मार्गदर्शन और कमांडेंट दीपक मेहरा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

ई/62 बटालियन ने अपने कार्यक्षेत्र के गांव चेरामंगी, दुगाईगुड़ा, चरकडोडी, पेंकरम और पुन्नुर के जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की। इनमें कंबल, सोलर लैंप, खेल सामग्री, विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सामग्री, कृषि उपयोगी सामान और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल रहीं। दूरस्थ गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल सहायता वितरण नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करना और विकासात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।

ग्रामीणों ने इस पहल को सकारात्मक कदम बताते हुए 62वीं बटालियन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि ऐसे आयोजनों से दूर-दराज के गांवों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचती हैं और सुरक्षा बलों के साथ संवाद का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट गुलाब प्रसाद यादव, कंपनी कमांडर निरीक्षक जीडी नरेश प्रसाद सोनी, अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। साथ ही ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और ग्रामीण भी शामिल हुए।
