Oplus_131072
बीजापुर। समग्र शिक्षा के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावासों के अधीक्षकों और अधीक्षिकाओं की बैठक आयोजित की गई। जिला मिशन समन्वयक भवानी शंकर रेड्डी ने बैठक में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, स्वास्थ्य और छात्रावास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
बैठक में विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, जाति और जन्म प्रमाण पत्र समय पर बनवाने, उपस्थिति सुनिश्चित करने और छात्रावास परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जरूरी दस्तावेज पूरे रहने से बच्चों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी नहीं होगी।
मिड-डे मील की गुणवत्ता बनाए रखने और भोजन समय पर उपलब्ध कराने को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। इसके साथ ही राज्य छात्रवृत्ति समेत अन्य योजनाओं की ऑनलाइन प्रविष्टि तय समय में पूरी करने के निर्देश अधीक्षकों को दिए गए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और पढ़ाई से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छात्रावासों में पढ़ाई का माहौल नियमित और अनुशासित रखने पर भी जोर रहा।
बैठक के अंत में अधीक्षकों और अधीक्षिकाओं ने जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने और विद्यार्थियों के हित में पूरी निष्ठा से काम करने का भरोसा दिलाया। माना जा रहा है कि इस पहल से छात्रावासों की व्यवस्था और मजबूत होगी।
