दैनिक मूक पत्रिका सारंगढ़-बिलाईगढ़ – कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देशानुसार जिले में डबल कैज़ व्हील युक्त ट्रैक्टरों को मुख्य सड़कों पर चलाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। निर्देशों के पालन में विगत माहों में सरिया तहसील के ग्राम मानिकपुर, बोन्दा, सांकरा एवं सरिया में ऐसे ट्रैक्टर चालकों के विरुद्ध जब्ती एवं चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।
इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया है, जो लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है। कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने नगर पंचायत सरिया में आयोजित बैठक में तहसील के सभी ग्रामों के सरपंच, सचिव एवं पटवारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि डबल कैज़ व्हील युक्त ट्रैक्टर/वाहन सड़कों पर नहीं चलाए जाएं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य सरकारी संपत्ति — विशेष रूप से सड़कों — को क्षतिग्रस्त होने से बचाना है।
अपील: तहसील प्रशासन ने सभी वाहन मालिकों से अनुरोध किया है कि डबल कैज़ व्हील युक्त ट्रैक्टरों को मुख्य मार्गों एवं अन्य सड़कों पर न चलाएं, ताकि सार्वजनिक संपत्ति सुरक्षित रहे। सड़कों की सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
— तहसीलदार, सरिया
(जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़)
