13 आईईडी डिफ्यूज, माओवादी स्मारक भी गिराया गया
बीजापुर। जिले में एन्टी नक्सल अभियान के तहत उसूर थाना क्षेत्र के ताड़पाला पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की है। यह कार्रवाई केरिपु 196 वाहिनी और कोबरा 204 की संयुक्त टीम ने की। तलाशी के दौरान जवानों को दो अलग-अलग जगहों पर जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम और पॉलिथिन में छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। बरामद सामान में 13 डेटोनेटर, करीब 11 किलो गन पाउडर, चार प्लास्टिक ड्रम, दो स्टील ड्रम और दो लोहे के ड्रम शामिल हैं। साथ ही माओवादी वर्दी, जूते, कैप, डोरी, यूएसबी केबल, सोलर प्लेट और अन्य उपयोगी सामान भी जब्त किया गया।
एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग के दौरान जवानों ने जमीन में लगाए गए 13 बीयर बोतल आईईडी और लोहे के पाइप में तैयार एक डायरेक्शनल आईईडी बरामद किया। सभी विस्फोटकों को मौके पर ही डिफ्यूज कर दिया गया।
अभियान के दौरान टेकमेटला कुंजामपारा इलाके में बनाया गया माओवादी स्मारक भी सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया।
