दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा। तेज़ रफ़्तार और लापरवाही ने फिर एक ज़िंदगी छीन ली। बेमेतरा मुख्यालय में हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक मेहर सिंह सलूजा उर्फ क्रिश (19 वर्ष) निवासी बेमेतरा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धारा 105 (बीएनएस) सहित कई धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
घटना 26 अक्टूबर की रात की है। रिपोर्टकर्ता भीखम राम साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम बगौद थाना चंदनू ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ वाहन क्रमांक CG 07 CA 7581 से बैजलपुर से बगौद एक छट्ठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जब वे कंतेली (बेमेतरा) स्थित कसार पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज़ रफ़्तार डिफेंडर वाहन (CG 25 P 9988) ने जोरदार टक्कर मार दी।
वाहन चला रहा था मेहर सिंह सलूजा उर्फ क्रिश पिता बलमित सलूजा उर्फ बंटी (निवासी बेमेतरा), जिसने इतनी रफ़्तार और लापरवाही से वाहन चलाया कि टक्कर के बाद कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई। हादसे में जीवन राम साहू (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे जिला अस्पताल बेमेतरा ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद भी आरोपी नहीं रुका- वह लगातार सिंघौरी, शीतला मंदिर, कर्मा माता चौक, संदीपनी स्कूल और जय सुपर मार्केट जैसे कई स्थानों पर अलग-अलग वाहनों और राहगीरों को ठोकर मारता हुआ आगे बढ़ता गया। इस दौरान कई लोग घायल हुए और शहर में दहशत फैल गई।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए), 105 बीएनएस, 112/183 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी बालिग निकला, जिसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बेमेतरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन ज़ब्त कर लिया है। शहरवासियों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएँ दोबारा न हों।
