दैनिक मूक पत्रिका सरिया – अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान आर्टिगा कार से 83 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21/12/2025 की रात्रि कंचनपुर बैरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रही सफेद रंग की आर्टिगा कार (क्रमांक CG 15 CV 1742) को रोकने का प्रयास किया गया। चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर चालक कार को भटली मुक्तिधाम के पास छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर वाहन की तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट एवं चैंबर से 83.800 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार (अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये) को जप्त कर लिया है। इस प्रकार जप्त सामग्री की कुल कीमत 14 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
इस मामले में थाना सरिया में अपराध क्रमांक 275/25, धारा NDPS एक्ट के तहत अज्ञात चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि सुमन चौहान, प्रधान आरक्षक मोहन गुप्ता, सुरेंद्र सिदार, सत्यम मंडलोई, आरक्षक खेमलाल, श्रवण टंडन, लक्ष्मी पटेल, दिगम्बर पटेल, नरेंद्र चंद्रा सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
