Oplus_131072
शासन की बफर सीमा पार कर चुके है जिले के 21 धान उपार्जन केंद्र
मूक पत्रिका/बीजापुर | खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में धान के उठाव में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ, जिला बीजापुर ने बुधवार को बीजापुर एसडीएम के माध्यम से माननीय कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपा। संघ ने धान के शीघ्र उठाव की मांग करते हुए उपार्जन केंद्रों पर उत्पन्न हो रही समस्याओं से एसडीएम जागेश्वर कौशल को अवगत कराया।
संघ ने बताया कि जिले में इस वर्ष 20 हजार से अधिक कृषक धान विक्रय हेतु पंजीकृत हैं। 30 दिसंबर 2025 तक 6,178 किसानों से 3.55 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके बावजूद उठाव की गति बेहद धीमी है, जिसके चलते जिले के 21 धान उपार्जन केंद्र शासन द्वारा निर्धारित बफर लिमिट से ऊपर पहुंच चुके हैं।

ज्ञापन में बताया गया है कि जिले के लिए 1.28 लाख मीट्रिक टन धान उपार्जन का लक्ष्य निर्धारित है, लेकिन अब तक मात्र 2.80 प्रतिशत धान का ही उठाव हो सका है। धान के लंबे समय तक केंद्रों में पड़े रहने से जगह की कमी, सुरक्षा और रख-रखाव की समस्या बढ़ रही है, वहीं कर्मचारियों पर अतिरिक्त दबाव भी पड़ रहा है।
संघ ने यह भी बताया कि पुराने बारदानों में उठाव के कारण समितियों को अतिरिक्त व्यय वहन करना पड़ रहा है, साथ ही अमानक बारदाना निकलने से समस्याएं और बढ़ रही हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से उठाव प्रक्रिया में तेजी लाने, परिवहन व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा स्वयं के संग्रहण केंद्रों में धान उठाव सुनिश्चित करने की मांग की है।
एसडीएम जागेश्वर कौशल ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को कलेक्टर महोदय के संज्ञान में लाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

