ग्राम खाती निवासी यशवंत साहू ने खरीदी केंद्र में बेचा 192 क्विंटल धान, बोले—अब खरीदी प्रक्रिया हुई और भी सुगम
दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- प्रदेश में जारी धान खरीदी तिहार किसानों के लिए राहत और विश्वास का नया अध्याय खोल रहा है। बेमेतरा जिले के ग्राम खाती निवासी किसान यशवंत साहू ने इस वर्ष पदुमसरा धान खरीदी केंद्र में अपनी उपज बेचकर बड़ी संतुष्टि व्यक्त की है। यशवंत साहू ने कुल 192 क्विंटल धान बेचा और सरकार की पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था की खुलकर सराहना की।
यशवंत साहू बताते हैं कि इस बार ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की वजह से केंद्रों में अनावश्यक भीड़ बिल्कुल नहीं दिखती। तय समय पर पहुंचने से तुरंत तौल प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिससे किसानों का समय और श्रम दोनों बच रहा है। वे कहते हैं कि खरीदी केंद्र में बोझा उतरवाने, तौल, गुणवत्ता परीक्षण, भुगतान प्रक्रिया और लाइन व्यवस्था सभी पहले के मुकाबले काफी बेहतर और सुचारू हैं। किसान यशवंत साहू ने कहा कि केंद्र में उपलब्ध पेयजल, शेड, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई ने किसानों की परेशानी काफी कम की है। “हमको धान विक्रय करने में इस बार कोई दिक्कत नहीं आई, सारी प्रक्रिया बिल्कुल सहज और बिना किसी बाधा के हुई,” उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया।
वे बताते हैं कि सरकार द्वारा निर्धारित 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और भुगतान का सीधे बैंक खाते में त्वरित हस्तांतरण किसानों की सबसे बड़ी राहत है। उनके अनुसार, खरीदी प्रक्रिया की पारदर्शिता और समय पर भुगतान होने से खेतिहर परिवारों को बड़ी आर्थिक मजबूती मिल रही है। यशवंत साहू इस राशि से अपने खेतों में नई सिंचाई पाइपलाइन और बीज उपचार मशीन लगाने की योजना बना रहे हैं, जिससे आगामी सीजन में उत्पादन बढ़ सके। गाँव के अन्य किसानों ने भी पदुमसरा केंद्र की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार खरीदी केंद्रों में भ्रम, भीड़ और इंतजार जैसी पुरानी समस्याएँ लगभग समाप्त हो गई हैं। बेहतर प्रबंधन और किसान–हितैषी नीतियों के कारण खरीदी तिहार वास्तव में किसानों के लिए उत्सव जैसा अनुभव दे रहा है। बेमेतरा जिले में जारी यह सुव्यवस्थित धान खरीदी न केवल किसानों में भरोसा बढ़ा रही है, बल्कि कृषि व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं संगठित भी बना रही है।
