दैनिक मूक पत्रिका नवागढ़ – राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद, रायपुर के तत्वावधान में 12 से 15 नवंबर तक जसपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेला में नवागढ़ के न्यू गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्र मनमोहन निर्मलकर ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों ने विज्ञान के विविध मॉडल प्रस्तुत किए। इसी क्रम में न्यू गुरुकुल इंग्लिश मीडियम स्कूल के प्रतिभावान छात्र मनमोहन निर्मलकर ने अपने सहयोगी शिक्षक कामेश्वर रजक के मार्गदर्शन में आकर्षक, अभिनव एवं प्रभावशाली विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किया, जिसने निर्णायक मंडल का ध्यान अपनी ओर खींचते हुए उन्हें राज्य स्तर पर तीसरे स्थान का सम्मान दिलाया।
विद्यालय परिवार इस उपलब्धि से अत्यंत गौरवान्वित है। विद्यालय के डायरेक्टर गजपाल सिंह खुराना एवं प्रिंसिपल श्रीमती मनिंदर कौर खुराना ने छात्र मनमोहन निर्मलकर तथा उनके मार्गदर्शक शिक्षक कामेश्वर रजक को शुभकामनाएँ देते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सहयोगी शिक्षक कामेश्वर रजक ने बताया कि इस प्रतियोगिता में उत्कृष्टता प्राप्त करना आसान नहीं था, लेकिन निरंतर अभ्यास, नवाचारपूर्ण सोच और कड़ी मेहनत ने मनमोहन को यह सफलता दिलाई।
यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए, बल्कि नवागढ़ क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय है।
