Oplus_131072
भाजपा कार्यालय घेरने पहुंचे कार्यकर्ता, पुलिस ने रोका
बीजापुर । प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी और अफीम की अवैध खेती के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी, जहां कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। इस दौरान कुछ देर के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी की स्थिति भी बनी।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक विधायक कार्यालय में हुई। बैठक में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल समेत विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए। इसके बाद कार्यकर्ता रैली की शक्ल में नेशनल हाईवे पार करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव करने पहुंचे।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भाजपा कार्यालय के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। सिटी कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
बताया गया कि इस दौरान युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसी दौरान हल्की झूमा-झटकी भी हुई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई।
प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर ने कहा कि प्रदेश में नशाखोरी लगातार बढ़ रही है और सरकार इस पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। उनका आरोप था कि अफीम की खेती को बढ़ावा मिल रहा है, जबकि युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं और आम लोग महंगाई से परेशान हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर
प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुडियम, नीना रावतिया उद्दे, कमलेश कारम, बसंत ताटी, सुखदेव नाग, मनोज अवलम, रमेश यालम, रमेश पामभोई, अशोक मड़े, अंकित सिंह, नकुल ठाकुर, मंगल राणा, पुरुषोत्तम सल्लूर, सोनू पोटम, दिनेश पुजारी, संजना चौहान, शेख रजिया, सरिता चापा, सोमारू राम कश्यप, सुरेश सोड़ी, अनिता तेलम, रेंगा नागेश और केजी सत्यम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
