वनाधिकार पट्टों, बिजली और सड़क की मांग उठी; हर पंचायत को पानी टैंकर देने की घोषणा
बीजापुर| पामेड़ इलाके के सुदूर गांवों में गुरुवार और शुक्रवार को अलग ही माहौल रहा। विधायक विक्रम मंडावी जब छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा से लगे गांवों में पहुंचे तो लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कई बुजुर्गों ने कहा कि लंबे समय बाद कोई विधायक यहां तक पहुंचा है।
तर्रेम, चिन्नागेल्लूर, गुंडम, छुटवाई, कोंडापल्ली, वाटेगुड़ा, काउरगट्टा, जीड़पल्ली, धरमारम, टेकलेर, पामेड़, भीमारम, पुजारी कांकेर, कमलापुर, मारूडबाका, गूंजेपरती, नंबी, गलगम और नड़पल्ली जैसे गांवों में ग्रामीणों ने अपनी दिक्कतें खुलकर बताईं। सबसे ज्यादा मांग जमीन के वनाधिकार पट्टों, बिजली कनेक्शन, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर रही। कई गांव अब भी अंधेरे में हैं और बच्चों को पढ़ाई के लिए ठीक व्यवस्था नहीं है।

विधायक ने हर गांव में बैठकर लोगों की बातें सुनीं। उन्होंने विधायक निधि से प्रत्येक ग्राम पंचायत को एक-एक पानी टैंकर, खेल सामग्री और देवगुड़ी निर्माण के लिए राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पामेड़ भले ही दूर है, लेकिन प्राथमिकता में पीछे नहीं है। ग्रामीणों का भरोसा ही उनकी ताकत है।

दौरे में जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश कारम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंतराव ताटी, ज्योति कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज अवलम समेत जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गांव के लोगों ने उम्मीद जताई कि इस बार उनकी समस्याओं पर ठोस कदम उठेंगे।
