43 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन, खेल और संस्कृति का संगम बना आयोजन
दैनिक मूक पत्रिका/बीजापुर– बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को पहचान और मंच देने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक का जोन स्तरीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ आज बीजापुर जिले में हुआ। छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल ने एक बार फिर ग्रामीण खेल संस्कृति को नई ऊर्जा दी है। कार्यक्रम के दौरान खेल मैदानों में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक था। जिले के विभिन्न गांवों और स्कूलों से पहुंचे प्रतिभागियों ने खेलों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सव में बदल दिया।

इस वर्ष बीजापुर जिले से 43,828 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल विधाओं में पंजीयन कराया है, जो बस्तर ओलंपिक की लोकप्रियता और जनभागीदारी का प्रतीक है। बस्तर ओलंपिक का आयोजन चार चरणों में जोन, ब्लॉक, जिला और संभाग स्तर पर किया जा रहा है। जिले में जोन स्तरीय मुकाबले भैरमगढ़ ब्लॉक के नेलसनार, भैरमगढ़, गंगालूर, नैमेड़ और आवापल्ली में आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ी आगे विकासखंड स्तरीय मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेलों के साथ ही लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों का रंग भी देखने को मिला। प्रतियोगिताओं में कबड्डी, खो-खो, गिल्ली-डंडा, रस्साकशी, लंबी दौड़, लंबी कूद के साथ फुगड़ी और पारंपरिक नृत्य-गीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

