
कांकेर। बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन आज दिनांक 22 मार्च 2026 को जगदलपुर से चित्रकूट तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस मैराथन में विभिन्न वर्गों के धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। KBKS गोटुल स्पोर्ट्स एकेडमी, कानापोंड (कांकेर) के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया ।
प्रतियोगिता के परिणामों में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में गोटुल स्पोर्ट्स एकेडमी के कोच भावेश सलाम ने 1 घंटा 13 मिनट का समय लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा ₹1,00,000 की पुरस्कार राशि के हकदार बने। 42 किलोमीटर फुल मैराथन में पूजा सलाम ने सातवाँ स्थान हासिल कर ₹5,000 की राशि प्राप्त की। इसी क्रम में 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में लिकेश्वरी तारम ने दसवाँ स्थान प्राप्त करते हुए ₹2,000 की पुरस्कार राशि अर्जित की। वहीं 5 किलोमीटर दौड़ में धनवंती ने तृतीय स्थान प्राप्त कर ₹5,000 की राशि हासिल की। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की गई। आयोजकों ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा KBKS गोटुल स्पोर्ट्स एकेडमी की सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इस सफलता में कोच प्रभा भगत एवं कोच भावेश सलाम (इंडियन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स) के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष मार्गदर्शन की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।
बस्तर हेरिटेज मैराथन की प्रमुख विशेषताएँ:
मैराथन का आयोजन विभिन्न श्रेणियों में किया गया, जिसमें 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर तथा 5 किलोमीटर फन रन शामिल हैं। इन श्रेणियों के माध्यम से सभी आयु वर्ग एवं विभिन्न फिटनेस स्तर के प्रतिभागियों को सहभागिता का अवसर प्रदान किया गया। प्रतिभागियों हेतु कुल ₹25 लाख की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
यह उपलब्धि खिलाड़ियों की प्रतिभा के साथ-साथ अकादमी के समर्पित प्रयासों एवं प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का प्रतिफल है। इससे अन्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा प्राप्त होगी तथा क्षेत्रीय खेल विकास को नई दिशा मिलेगी। KBKS गोटुल स्पोर्ट्स एकेडमी ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर अकादमी परिवार के साथ ग्राम कानापोंड के गायता समरत मंडावी, ग्राम खैरखेड़ा के गायता बलराम जुर्री, पटेल कमलेश्वर साहू, सरपंच बलराम जुर्री, अश्वनी कांगे, नारायण मरकाम, ललित नरेटी, श्रवण दर्रो, हरिश्चंद्र कांगे, गौतम कुंजाम, विजय ठाकुर, मोहित मंडावी, अखिलेश अरकरा, दुखेश मंडावी, सखा नेताम, कृष्णा शोरी, कुबेर कुंजाम, डॉ. लखन जुर्री, दीपक जुर्री, मोहन जुर्री एवं रघुवीर भास्कर सहित प्रशिक्षकों एवं KBKS टीम के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।
