दैनिक मूक पत्रिका बस्तर/बकावंड – बकावंड विकासखंड के अंतर्गत बालक आश्रम बारदा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब किचन में खाना बनाते समय एक छात्र गर्म तेल की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद घायल छात्र को तत्काल उपचार हेतु जगदलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्रावास अधीक्षक सोनाधर गोयल छात्रावास से अनुपस्थित था। बताया जा रहा है कि अधीक्षक की अनुपस्थिति छात्रावास में आम बात है — वे रात्रि विश्राम भी प्रायः छात्रावास में नहीं करते। इस कारण किचन और अन्य दैनिक कार्यों की जिम्मेदारी बच्चों पर ही आ जाती है, जिससे न केवल उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है बल्कि सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा बना रहता है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अधीक्षक सोनाधर गोयल की लापरवाही की शिकायतें पूर्व में भी सामने आती रही हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मंडल संयोजक से जब इस विषय में पूछा गया तो उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
घटना की जानकारी सहायक आयुक्त को दी गई है, जिन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि अधीक्षक की लापरवाही से बच्चे रोज जोखिम में रहते हैं। प्रशासन को तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”
