पार्टी हाईकमान का जताया आभार, बोले– कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़
मूक पत्रिका/बीजापुर। बीजापुर जिला कांग्रेस कमेटी के नव-नियुक्त अध्यक्ष लालू राठौर ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस भवन में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चा-संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पदभार संभालने से पूर्व लालू राठौर ने कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बस्तर की आराध्य देवी माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से जिला अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया।

इस अवसर पर लालू राठौर ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और आम जनता परेशान है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और उनके सम्मान व मान-सम्मान की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी रहेगी।
इस मौके पर विधायक विक्रम मंडावी ने नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की बात कही। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभान खान, आर. नारायणम्मा, सुशीला नाग, स्वर्णरेखा शाह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कामेश्वर गौतम, वल्वा मदनैया, बसंत राव ताटी, कमलेश कारम, लच्छू राम मौर्य, पीसीसी सदस्य आर. वेणुगोपाल राव, ज्योति कुमार, सरिता चापा, सुरेंद्र चापा, जिला महामंत्री सुखदेव नाग, जितेंद्र हेमला, ब्लॉक अध्यक्ष नकुल ठाकुर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पुरुषोत्तम खत्री, मीडिया प्रभारी राजेश जैन, महिला कांग्रेस की शेख रजिया, संजना चौहान, पार्षद बबीता झाड़ी, सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस व एनएसयूआई के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
