दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – शहर में बढ़ते अतिक्रमणों के खिलाफ बीते मंगलवार को नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। सुबह से शुरू हुए इस अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं नगरपालिका कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका दिखाई दी।
शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड रोड, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फैले अवैध कब्जों को हटाते हुए प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया कि नगर सीमा में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान दुकानों के सामने बनाए गए अतिरिक्त शेड, पक्के प्लेटफॉर्म, अवैध ठेले, सड़क किनारे बनी अस्थायी संरचनाएँ और यातायात बाधित करने वाले निर्माणों को तत्काल प्रभाव से हटाया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि यह कार्रवाई आम नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए इसी प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
बेमेतरा के नागरिकों ने इस अभियान का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि नगर प्रशासन शहर की बेहतरी के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखेगा।
