दैनिक मूक पत्रिका बालोद/बेमेतरा – दुर्ग रेंज पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा और पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए एक नई पहल “अनुभव” की शुरुआत की है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच संवाद, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत बनाना है।
शनिवार को पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में इस पहल के तहत QR कोड का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) रामगोपाल गर्ग (भा.पु.से.) ने कहा कि जनता के अनुभव ही हमारी पुलिसिंग का वास्तविक आईना हैं। ‘अनुभव’ पहल से हमें यह समझने में मदद मिलेगी कि जनता हमारी सेवाओं से कितनी संतुष्ट है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। हमारा लक्ष्य है पारदर्शी और संवेदनशील पुलिसिंग को सशक्त बनाना।”
इस व्यवस्था के तहत अब दुर्ग रेंज के सभी थाना एवं चौकियों में आने वाले नागरिक QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन फीडबैक फॉर्म भर सकेंगे। फॉर्म में कुछ सरल प्रश्न होंगे जिनके माध्यम से नागरिक अपने अनुभव और सुझाव साझा कर सकते हैं। नाम और मोबाइल नंबर देना पूर्णतः वैकल्पिक रहेगा ताकि नागरिक बिना किसी झिझक के अपनी राय दे सकें। प्राप्त फीडबैक गोपनीय रखा जाएगा।

यह पहल सरगुजा रेंज पुलिस से प्रेरित है, जहाँ यह व्यवस्था पूर्व में सफलतापूर्वक लागू की जा चुकी है। दुर्ग रेंज में इसे और प्रभावी बनाने हेतु सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बालोद पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल द्वारा इस QR कोड को डिजाइन किया गया है। उन्होंने बताया कि यह प्रणाली पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने और सेवा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक सार्थक कदम है।”
बेमेतरा जिले में भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकियों में QR कोड चस्पा किए गए हैं। इससे आम नागरिक अपने अनुभव और सुझाव सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे।
यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाने तथा बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

इस अवसर पर उपस्थित रहे:
सीएसपी डॉ. चित्रा वर्मा, सीएसपी बोनीफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा, थाना एवं चौकी प्रभारीगण, तथा आईजी कार्यालय से उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय, आरक्षक अभिषेक यादव एवं प्रशांत कुमार शुक्ला।
