सिंचाई परियोजना के बजट पर जताया आभार, पर्यटन हब बनाने की तैयारी तेज; वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों ने लिया हिस्सा
बीजापुर। भोपालपटनम विकासखंड के मट्टीमरका में होली मिलन समारोह सामाजिक सौहार्द और विकास के संदेश के साथ संपन्न हुआ। रंगों के इस उत्सव में पत्रकारों को डायरी और पेन भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान नौका विहार और जल क्रीड़ा ने माहौल को उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता महेश गागड़ा ने किया।

पर्यटन हब के रूप में उभर रहा मट्टीमरका
समारोह को संबोधित करते हुए महेश गागड़ा ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार द्वारा मट्टीमरका क्षेत्र की सिंचाई परियोजना के लिए बजट आबंटित किया गया है। इससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी ठोस पहल की जा रही है। सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटकों के लिए होम-स्टे की व्यवस्था विकसित की जा रही है। स्थानीय युवाओं को पर्यटन गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराने की योजना पर काम जारी है।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता से बढ़ा उत्साह
समारोह के दौरान वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। राज्य वॉलीबॉल संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में महेश गागड़ा ने पत्रकारों के साथ खेल का आनंद लिया। इससे कार्यक्रम में सहभागिता और आपसी मेलजोल की भावना और मजबूत हुई।
पूर्व मंत्री ने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका सम्मान लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। समारोह में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास को लेकर आशा जताई और सरकार के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैया, जनपद अध्यक्ष भोपालपट्टनम सरिता कूड़ेम, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार, दयाशंकर पटेल, युवा मोर्चा अध्यक्ष हरिहर साहनी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष जागर लक्ष्मैया नरसिंह रेड्डी, तीरथ जुमार, अशोक राव, चिन्ना राम तेलम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पत्रकार उपस्थित रहे।
