दैनिक मूक पत्रिका जगदलपुर – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बुधवार को बस्तर जिले के फरसागुड़ा गांव पहुंचकर प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निवास पर कश्यप परिवार से मुलाकात की। उन्होंने पूर्व सांसद दिनेश कश्यप एवं वन मंत्री केदार कश्यप की माताजी, स्वर्गीय श्रीमती मनकी देवी कश्यप के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्रीमती मनकी देवी कश्यप का निधन रविवार, 21 दिसंबर को हुआ था। इस दुःखद अवसर पर मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री स्वयं फरसागुड़ा पहुंचकर शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री साय एवं उप मुख्यमंत्री शर्मा ने मंत्री केदार कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप एवं अन्य परिजनों से मिलकर उनका हालचाल जाना तथा इस कठिन समय में धैर्य रखने का संदेश देते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने स्वर्गीय श्रीमती मनकी देवी कश्यप के निधन को परिवार एवं समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस., पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
