पंगुड़ गांव में चलित थाना लगाकर सुनी गई ग्रामीणों की समस्याएं, साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
बीजापुर। थाना मोदकपाल क्षेत्र के ग्राम पंगुड़ में सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर माओवादियों के छह स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई थाना मोदकपाल पुलिस और सीआरपीएफ की बी/62 वाहिनी की संयुक्त टीम ने की। अभियान के दौरान गांव में चलित थाना भी लगाया गया, जहां पुलिस ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। पुलिस ने कहा कि ऐसे प्रयासों से पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास मजबूत होता है।

साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के तहत ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।
मोदकपाल थाना टीआई आकाश मसीह ने बताया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याएं सुनना और उनका त्वरित समाधान करना भी पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
कार्रवाई के दौरान गांव में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” के नारे लगाकर सुरक्षा बलों का हौसला बढ़ाया। पुलिस के अनुसार, यह कदम इलाके में शांति और सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
