मूक पत्रिका रायपुर – छत्तीसगढ़ की छठवीं विधानसभा के अष्टम सत्र का आज शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर रमेन डेका ने सदन को संबोधित करते हुए सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के विजन को विस्तार से रखा। विधानसभा पहुंचने पर राज्यपाल का स्वागत विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने किया।
रजत जयंती और विकास का संकल्प
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना और विधानसभा की रजत जयंती पर सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से नए विधानसभा भवन का लोकार्पण लोकतंत्र को और सशक्त बनाता है। राज्य अब सामूहिक प्रयासों से विकसित राज्य की ओर बढ़ रहा है।

किसान, महिला और अंत्योदय पर जोर
अभिभाषण में किसानों को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए रिकॉर्ड धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना, भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना, दलहन-तिलहन प्रोत्साहन और जैविक खेती के विस्तार का उल्लेख किया गया।
महिला सशक्तिकरण के लिए ‘महतारी गौरव वर्ष’, ‘महतारी वंदन योजना’ के तहत 69 लाख महिलाओं को प्रतिमाह सहायता, सामूहिक कन्या विवाह और महतारी सदन निर्माण को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
नक्सल प्रभावित इलाकों में बदलाव
राज्यपाल ने कहा कि बीते दो वर्षों में माओवादी हिंसा पर निर्णायक प्रहार हुआ है। सैकड़ों माओवादी न्यूट्रलाइज हुए, हजारों ने आत्मसमर्पण किया। नक्सल मुक्त क्षेत्रों में ‘नियद नेल्ला नार योजना’ से सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।
आदिवासी, शिक्षा और संस्कृति
वनाधिकार पत्र वितरण में छत्तीसगढ़ को देश में अग्रणी बताते हुए जनजातीय कल्याण, एकलव्य विद्यालयों की उपलब्धियां, बस्तर पंडुम, शहीद वीर नारायण सिंह डिजिटल संग्रहालय और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी का जिक्र किया गया।

स्वास्थ्य, उद्योग और अधोसंरचना
स्वास्थ्य क्षेत्र में आयुष्मान योजना, नए मेडिकल कॉलेज, टीबी मुक्त पंचायतें और सिकल सेल उन्मूलन की दिशा में कार्यों को रेखांकित किया गया।
नई औद्योगिक नीति, स्टार्टअप नीति, सेमीकंडक्टर-आईटी-एआई जैसे क्षेत्रों में निवेश प्रस्ताव, रेलवे-एक्सप्रेसवे-एयरपोर्ट विकास और ऊर्जा क्षेत्र में बड़े निवेश की जानकारी दी गई।
2047 का विजन
राज्यपाल ने कहा कि अंजोर विजन डॉक्यूमेंट के जरिए वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का स्पष्ट रोडमैप तय किया गया है। सरकार लगातार जनता से फीडबैक लेकर नीतियां बना रही है।
अंत में राज्यपाल ने सभी विधायकों को सत्र की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ महतारी के सर्वांगीण विकास के लिए सहयोग का आह्वान किया।
