छत्तीसगढ़ – रायपुर कमिश्नरेट के मध्य जोन में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने पैदल पेट्रोलिंग और संदिग्ध चेकिंग का मेगा अभियान छेड़ दिया। अचानक सड़कों पर उतरी पुलिस की भारी मौजूदगी ने असामाजिक तत्वों और नशा तस्करों की नींद उड़ा दी।
देवार पारा, तेलीबांधा बीएसयूपी कॉलोनी, श्याम नगर, मरीन ड्राइव समेत आधा दर्जन से अधिक संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने एक-एक संदिग्ध को रोककर सघन पूछताछ की।

चेकिंग के दौरान अवैध गांजा, शराब तस्करी से जुड़ी बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री बरामद की गई।
कई संदिग्ध तस्करों को मौके से दबोचकर गिरफ्तार किया गया, जिनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस सख्त अभियान की कमान संभाली एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल और एसीपी रमाकांत साहू ने। उनके साथ टीआई और बड़ी संख्या में पुलिस बल पैदल मार्च करते नजर आया। सायरन, वर्दी और पुलिस की सख्ती ने पूरे इलाके में अपराधियों में खौफ और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का साफ संदेश —
“नशा, तस्करी और अपराध के लिए रायपुर में अब कोई जगह नहीं है।”
कमिश्नरेट पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ताबड़तोड़ अभियान जारी रहेंगे, ताकि शहर को नशा और अपराध से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।
