दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिले में 18 नवंबर को होने वाले यूनिटी मार्च की तैयारियों की जानकारी देने के लिए बीते सोमवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में प्रेसवार्ता हुई। संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल ने मीडिया को पूरे कार्यक्रम का विवरण साझा किया। कौशल ने बताया कि यूनिटी मार्च का मकसद जिले में सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने आम जनता, युवाओं, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। मार्च दोपहर 3 बजे चिकट राज बाबा मंदिर से शुरू होगा। दुर्गा मंदिर में अल्प विराम के बाद यात्रा नवोदय विद्यालय, एजुकेशन सिटी में समाप्त होगी। प्रशासन ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए टीमें तैनात करने की तैयारी कर ली है।
संयुक्त कलेक्टर ने कहा कि लौह पुरुष पटेल के विचार हमें कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय एकता की राह दिखाते हैं। उन्होंने पत्रकारों से भी आग्रह किया कि वे आयोजन में सहभागी बनें और इसके संदेश को अधिक लोगों तक पहुँचाने में मदद करें। प्रेसवार्ता में जिले के कई प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
