Oplus_131072
दैनिक मूक पत्रिका/बीजापुर- वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने तथा हॉकी खेल के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 85 बटालियन CRPF, नयापारा, बीजापुर के परिसर में विशेष हॉकी मैच का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं में खेल भावना विकसित करना और राष्ट्रीय गौरव के ऐतिहासिक क्षणों को स्मरण करना था।
बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित वंदे मातरम् 7 नवंबर 1874 में लिखा गया था । स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान यह गीत देशवासियों के लिए उत्साह और प्रेरणा का प्रमुख स्रोत रहा। ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों ने “वंदे मातरम” के उदघोष के साथ अनेक आंदोलनों का नेतृत्व किया। इसकी पहली दो पंक्तियों को 1950 में भारत के राष्ट्रीय गीत का दर्जा दिया गया। राष्ट्रभक्ति और एकता का यह प्रतीक 150 वर्षों बाद भी उतना ही प्रासंगिक है।

हॉकी इंडिया के 100 साल पूरे होने के अवसर पर 85 बटालियन CRPF द्वारा आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में स्थानीय निवासी/खिलाडियो की दो टीमों ने भाग लिया। मुकाबला पूरी तरह रोमांचक और कड़े संघर्ष वाला रहा। अंततः टीम A ने टीम B को 1- 0 से पराजित करते हुए विजय हासिल की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के जलपान की व्यवस्था भी वाहिनी द्वारा की गई थी।
इस कार्यक्रम के दौरान श्री सुनील कुमार राही कमांडेंट 85 बटालियन के साथ 85 बटालियन के सभी अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बटालियन द्वारा बताया गया कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल और अनुशासन के प्रति रुचि बढ़ाने, तथा पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से कराए जाते हैं।

स्थानीय समुदाय ने CRPF के इस प्रयास की सराहना की और इस प्रकार के आयोजनों को क्षेत्र में सकारात्मक माहौल निर्माण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
