दैनिक मूक पत्रिका बलरामपुर – जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंदरी के बैरडीह बिट (पी-3170) क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जा कर खेत बनाने का मामला सामने आया है। बैरडीहकला निवासी सरजू, पिता अमलू (जाति नगेसिया) द्वारा जंगल के अंदर हरे-भरे सरई के पेड़ों की कटाई कर जेसीबी मशीन से खेत तैयार कराया जा रहा था।
मामले की जानकारी मिलते ही बन रक्षक बनवीर राम मौके पर पहुंचे और तत्काल कुसमी व चांदो वन मंडल के अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही कुसमी वन परिक्षेत्राधिकारी काली दास राम एवं चांदो रेंजर हरि किशुन पैकरा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

मौके पर जेसीबी ऑपरेटर से पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि उसे सरजू, पिता अमलू द्वारा खेत बनाने के लिए बुलाया गया था। जब खेत की खुदाई से संबंधित किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज मांगे गए तो ऑपरेटर और संबंधित व्यक्ति कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद वन विभाग ने मौके पर पंचनामा तैयार कर वन अधिनियम के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त कर कुसमी वन विभाग परिसर में खड़ा कराया और मशीन को राजसात (सीज) करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जंगल काटकर अवैध रूप से खेत बनाने वालों में भय और दहशत का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस कार्रवाई में कुसमी वन विभाग एवं चांदो वन मंडल के अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनमें काली दास राम, हरि किशुन पैकरा, देवेश जेरी, वनवीर राम सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
