दैनिक मूक पत्रिका कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा विकासखंड के ग्राम जैसाकर्रा में वन मंत्री केदार कश्यप ने आज गुरूवार काे इंदरू केंवट नेचर पार्क का लोकार्पण किया गया। लगभग 50 लाख रुपए की लागत से तैयार यह पार्क बस्तर अंचल में पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति पर्यटन का नया केंद्र बनेगा। यह लगभग दो हेक्टेयर वन भूमि में फैला हुआ है।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह नेचर पार्क बहुत अच्छा बना है, और भविष्य में इसका और विकास किया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि इसके विकास में प्रकृति का ध्यान रखा जाए और कंक्रीट का अधिक उपयोग न हो। मंत्री ने बस्तर के वनों से आच्छादित होने को सौभाग्य बताते हुए इसके महत्व को समझने और संरक्षण करने की बात कही। विधायक सावित्री मण्डावी ने कहा कि इंदरू केंवट नेचर पार्क के लोकार्पण से आम लोगों को फायदा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने वन और वन्य प्राणियों की सुरक्षा को हम सभी का दायित्व बताया।
विदित हाे कि चारामा परिक्षेत्र के सिरसिदा बीट के कक्ष क्रमांक 1474 में वित्तीय वर्ष 2024-25 में पर्यावरण वानिकी मद से 49 लाख 85 हजार रुपए की लागत से इंदरू केंवट नेचर पार्क जैसाकर्रा का निर्माण किया गया है। यह पार्क करीब दो हेक्टेयर वन भूमि में फैला है। पर्यावरणीय शिक्षा, वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और प्रकृति संरक्षण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना इसका मुख्य उद्देश्य है। साथ ही स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, पर्यटकों और शोधार्थियों को प्रकृति के करीब लाकर वन, वनस्पति, जीव-जंतु और पारिस्थितिकी के महत्व से अवगत कराना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है। नेचर पार्क में प्रवेश द्वार, टिकट काउंटर, नेचर ट्रेल्स, लॉन एरिया, गार्डन, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया, बैठने के लिए पैगोडा, फव्वारा, शौचालय, पौधों की सिंचाई के लिए ओवरहेड टैंक और बंबू सैटम जैसी संरचनाएं निर्मित की गई हैं। यहां 40 प्रकार के फूलदार पौधे, 50 वृक्ष प्रजातियों के पौधे, 20 औषधीय प्रजातियां और 17 प्रकार के बांस के पौधे रोपे गए हैं। इंदरू केंवट नेचर पार्क का संचालन वन प्रबंधन समिति जैसाकर्रा करेगी।
