मंत्री साहू ने राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक आश्वासन में उत्कृष्ट कार्य हेतु 04 स्वास्थ्य केन्द्रों को किया सम्मानित
मूक पत्रिका मुंगेली। बिलासपुर लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय तोखन साहू की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘‘दिशा’’ तथा शहर स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। समाज के अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजना का लाभ पहुॅचना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में जिले के नाम प्रथम पायदान पर लाने के लिए सभी अधिकारियों को टीम भावना एवं समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिगण और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
केन्द्रीय राज्यमंत्री साहू ने बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए मनरेगा अंतर्गत लंबित भुगतानों को लेकर शेष भुगतानों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत लखपति दीदी एवं डीडीयू-जीकेवाई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास चौपाल के माध्यम से लंबित कार्यों को पूर्ण करने के साथ ही दूसरी किस्त में अनावश्यक देरी न करने, विस्थापन एवं वन क्षेत्रों में निवासरत लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु बेहतर प्रयास करने तथा समय-सीमा के भीतर आवास को पूर्ण कर लाभार्थियों को लाभ दिलाने पर जोर दिया।
केन्द्रीय राज्यमंत्री साहू ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत सोख्ता गड्ढों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा सामुदायिक शौचालयों को लेकर प्राप्त शिकायतों पर उन्होंने जल्द कार्य पूर्ण कर नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत प्रसव के दौरान अनावश्यक रूप से अन्य स्थान पर रेफर करने की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताई और भविष्य में ऐसी शिकायत न आने की चेतावनी दी गई। उन्होंने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जरहागॉव में शीघ्र जनऔषधि केंद्र खोलने निर्देशित किया। महिला एवं बाल विकास की समीक्षा करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने जर्जर भवनों की मरम्मत कराने, साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मंत्री साहू एवं बिल्हा विधायक कौशिक ने पिछले दो वर्षों में एक भी आंगनबाड़ी का भूमिपूजन या लोकार्पण न होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। आंगनबाड़ी के खुलने-बंद होने के समय को लेकर भी शिकायतें आईं, जिस पर डीपीओ को फटकार लगाई गई।
केन्द्रीय राज्यमंत्री साहू ने केंद्रीय विद्यालय हेतु भूमि आबंटन या वैकल्पिक व्यवस्था का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति में भारी पेंडेंसी पर चिंता जताते हुए बेहतर मॉनिटरिंग एवं शीघ्र भुगतान के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी आवास के लंबित आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण करने के साथ ही सभी सीएमओ को प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला 2.0 के तहत पात्र लोगों को गैस कनेक्शन प्रदाय करने, राशन कार्ड में बड़ी संख्या में नाम कटने की शिकायतों पर पात्र हितग्राहियों का नाम रेस्टोरेशन करने एवं अपात्रों को लाभ न मिले, इसकी सख्त मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। मंत्री साहू ने जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी टंकी एवं घरेलू नल कनेक्शन की समीक्षा की और लापरवाही पर ईई को फटकार लगाई। उन्होंने पीएम जनमन, पीएमजीएसवाई अंतर्गत सड़कों की गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताई और गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत विधायक की अनुशंसा से कार्य चयनित करने कहा।
केन्द्रीय राज्यमंत्री साहू ने कृषि विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा योजना एवं किसान सम्मान निधि की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं में टीकाकरण की जानकारी लेते हुए 100 प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने रेस्क्यू वाहन उपलब्ध कराने की बात कही। मंत्री साहू ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री सड़क योजनाओं के अंतर्गत सड़कों को बेहतर गुणवत्ता से बनाने के निर्देश दिए तथा मरम्मत कार्यों के प्रस्ताव बजट में रखने एवं सभी कार्यों का भूमिपूजन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जल संसाधन विभाग अंतर्गत पथरिया बैराज एवं मनियारी जलाशय योजना, बिजली विभाग अंतर्गत पंप एवं ट्रांसफार्मर की स्थिति की समीक्षा की और जिन गांवों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की मांग आई है, उन्हें ग्रीष्म ऋतु से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। अंत में मंत्री साहू ने राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक आश्वासन एवं कायाकल्प योजना में उत्कृष्ट कार्य हेतु 04 स्वास्थ्य केन्द्रों को किया सम्मानित किया। शासन द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर कोतरी को राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक आश्वासन एवं पीएचसी खपरीकला, पीएचसी सिलदहा और एसएचसी कोदवाबानी को कायाकल्प योजना में उत्कृष्ट कार्य के लिए मामेन्टो एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है, जिसका वितरण केन्द्रीय राज्यमंत्री साहू ने स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारियों को प्रदान किया।
