दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – जिले के वार्ड क्रमांक 06 में श्रीमान लक्ष्मण यादव जी के निज निवास पर 14 दिसंबर से 22 दिसंबर 2025 तक श्रीमद्भागवत कथा का भव्य आयोजन किया गया। नौ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं श्रद्धालु शामिल होकर भक्तिरस में सराबोर होते रहे।
कथा के प्रथम दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 200 माता-बहनों ने सहभागिता की। यह कलश यात्रा भगवत पंडाल से प्रारंभ होकर वार्ड के तालाब से जल लेकर पूरे वार्ड का भ्रमण करते हुए पुनः पंडाल में संपन्न हुई। पूरे वार्ड में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
19 दिसंबर को पारंपरिक दही लुट कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं 20 दिसंबर को रुक्मणी विवाह कथा का भव्य मंचन किया गया। इस अवसर पर कृष्ण के रूप में कृष्ण रूपाली यादव एवं राधा के रूप में हिरण्या यादव सजीं। भगवान श्रीकृष्ण की बारात रथ एवं गड़वा बाजे के साथ धूमधाम से निकाली गई, जिसे लक्ष्मण यादव जी के निवास तक ले जाया गया। वहां द्वारचार, टीकावन, कन्यादान एवं विदाई की रस्में विधिवत संपन्न हुईं। टीकावन के दौरान लक्ष्मण यादव जी द्वारा 1 लाख रुपये की भेंट चढ़ाई गई। विदाई के समय भावुक क्षण देखने को मिले और उपस्थित श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
यह आयोजन वर्ष 2025 की एक ऐतिहासिक श्रीमद्भागवत कथा के रूप में माना जा रहा है, जिसमें पूरे वार्डवासियों का सहयोग सराहनीय रहा। आरती के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण पंडाल में स्थान की कमी तक महसूस हुई।
21 दिसंबर को सुदामा चरित्र की भावपूर्ण कथा प्रस्तुत की गई, जिसके साथ आकर्षक झांकी भी निकाली गई। सुदामा की भूमिका में नारायण साहू एवं श्रीकृष्ण की भूमिका में तुलाराम साहू ने सजीव अभिनय कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कथा के अंतिम दिन गीता गान, तुलसी वर्षा, सतधारा, कपिला तर्पण एवं हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समस्त वार्डवासी उपस्थित रहे और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
