मूक पत्रिका रायपुर/बलौदाबाजार – प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व व मार्गदर्शन में आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा के चतुर्थ दिवस की शुरुआत सोमवार सुबह पलारी स्थित सतनाम भवन से हुई।

यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व श्रद्धालुओं और पदयात्रियों ने परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे–मनखे एक समान” का उद्घोष करते हुए सामाजिक समरसता और समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
चतुर्थ दिवस की पदयात्रा पलारी से प्रारंभ होकर अमेरा, कंजी एवं डोटोपार जैसे ग्रामीण क्षेत्रों से गुजरते हुए आगे बढ़ी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर समाजजनों ने पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। ग्रामीणों ने एकता, भाईचारे और समान अधिकारों के समर्थन में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
यात्रा का समापन नगर पंचायत लवन में होगा, जहां सामूहिक भोज एवं रात्रि विश्राम का आयोजन रखा गया है। इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी ने समाज में एकता, सद्भाव और समान अधिकारों की भावना को और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया।
यह पदयात्रा सामाजिक समरसता के ऐतिहासिक अभियान के रूप में प्रदेशभर में सकारात्मक ऊर्जा और एकजुटता का संदेश प्रसारित कर रही है।
