दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बीजापुर में बस्तर सांसद महेश कश्यप के नेतृत्व में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाना था। मार्च की शुरुआत चिकट राज मंदिर परिसर से हुई। दुर्गा मंदिर में अल्प विराम के बाद यह यात्रा एजुकेशन सिटी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर तक पहुँची। यहाँ सांसद महेश कश्यप और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर कार्यक्रम का समापन किया।
सांसद कश्यप ने अपने संबोधन में सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एकता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के लिए सरदार पटेल पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से पटेल के जीवन और कार्यों से सीख लेने की अपील की।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि,
अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।
सभी ने सरदार पटेल के विचारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
