दैनिक मूक पत्रिका नई दिल्ली – राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर (आरडीसी) 2026 का शुभारंभ 30 दिसंबर 2025 को दिल्ली कैंट स्थित ऐतिहासिक कारियाप्पा परेड ग्राउंड में सर्व धर्म पूजा के साथ हुआ। इस अवसर पर देश की एकता, विविधता और सौहार्द का संदेश दिया गया।
एक माह तक चलने वाले इस भव्य शिविर में 28 राज्यों एवं 8 केंद्र शासित प्रदेशों से आए कुल 2406 कैडेट भाग ले रहे हैं, जिनमें 898 महिला कैडेट शामिल हैं। इसके साथ ही युवा विनिमय कार्यक्रम (वाईईपी) के अंतर्गत 25 मित्र विदेशी देशों के कैडेट और अधिकारी भी शिविर में सहभागिता कर रहे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

शिविर के दौरान कई अंतर-निदेशालय प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ कैडेट प्रतियोगिता, लघु शस्त्र फायरिंग, कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में मार्चिंग दस्ता, तथा फ्लैग एरिया डिजाइनिंग जैसी प्रमुख गतिविधियां शामिल हैं।
एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने कैडेटों का स्वागत करते हुए उन्हें गणतंत्र दिवस शिविर के लिए चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने कैडेटों से ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना के साथ कार्य करने, तथा धर्म, भाषा और जाति के भेदभाव से ऊपर उठकर चरित्र, सत्यनिष्ठा, निस्वार्थ सेवा, भाईचारा और टीम वर्क जैसे मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

‘एकता और अनुशासन’ के अपने आदर्श वाक्य को साकार करता यह शिविर देशभर के एनसीसी कैडेटों को प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास और सांस्कृतिक का सशक्त मंच प्रदान करता है, जिससे उनमें देशभक्ति, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का और अधिक विकास होता है।
