दैनिक मूक पत्रिका बीजापुर – कलेक्टर संबित मिश्रा ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुँचे।
कलेक्टर ने केन्द्र एवं राज्य शासन की योजनाओं के वृहद प्रचार-प्रसार पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नेल्लानार योजना के तहत चिन्हांकित गांवों में संचालित विकास कार्यों और अधोसंरचना की प्रगति की नियमित निगरानी की जाए।बैठक के दौरान कलेक्टर ने बिजली, पेयजल और सड़क कनेक्टिविटी की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दूरस्थ अंचलों के ग्रामीणों, आत्मसमर्पित नक्सलियों तथा नक्सल पीड़ित परिवारों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इसमें राशन कार्ड, आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र को प्राथमिकता से बनाने पर बल दिया गया।कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना है। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
