स्वच्छता, जल संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अधोसंरचना कार्यों की प्रगति की समीक्षा
मूक पत्रिका बेमेतरा- जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती प्रेमलता पदमाकर द्वारा बीते शनिवार को राज्यपाल रमेन डेका के गोद ग्राम टेमरी का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। पंचायत भवन में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, स्व सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्राम स्तरीय स्वच्छता समूह के सदस्यों से संवाद कर ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों एवं आवश्यक सुधारों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शीघ्र पूर्णता के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत अमले को निर्देशित किया गया कि पात्र हितग्राहियों को समय पर किस्तों का भुगतान सुनिश्चित करें तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी हितग्राही का आवास लंबित नहीं रहना चाहिए और सभी स्वीकृत आवासों को अभियान मोड में पूर्ण किया जाए।
घर-घर कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता पर विशेष बल
सीईओ ने घर-घर कचरा संग्रहण कार्य की समीक्षा करते हुए डोर-टू-डोर कलेक्शन की नियमितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सूखा एवं गीला कचरा पृथक्करण, कंपोस्ट पिट निर्माण एवं प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। स्व सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाकर ग्राम को पूर्णतः स्वच्छ बनाने हेतु प्रेरित किया गया।
बहते पानी की रोकथाम एवं जल संरक्षण पर निर्देश
ग्राम भ्रमण के दौरान नालियों में बहते पानी को देखते हुए सीईओ ने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से बहते पानी को रोकना, सोखता गड्ढों एवं रिचार्ज पिट का निर्माण कराना तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण भी सुनिश्चित हो सके।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता
पंचायत भवन, सीसी रोड, नाली निर्माण एवं अन्य अधोसंरचना कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की गई। तकनीकी अमले को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जनसंवाद एवं योजनाओं की समीक्षा
सीईओ ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं जैसे जल जीवन मिशन, मनरेगा, पेंशन योजना एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि राज्यपाल गोद ग्राम टेमरी को स्वच्छ, सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर ग्राम के रूप में विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे।
