दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा- कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलेक्टरेट स्थित दिशा सभा कक्ष में सौर सुजला योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत जिले में स्थापित सोलर पंपों की वर्तमान स्थिति, उनकी कार्यशीलता, लाभार्थियों को मिल रहे लाभ तथा लंबित प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में स्थापित सभी सोलर पंपों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे पूर्ण रूप से कार्यशील रहें और किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खराब अथवा बंद पड़े सोलर पंपों की जानकारी तत्काल संकलित कर उनके शीघ्र सुधार की कार्यवाही की जाए।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जल स्रोत की वास्तविक उपलब्धता का भौतिक सत्यापन किए बिना किसी भी नए सोलर पंप की स्वीकृति न दी जाए। उन्होंने कहा कि सौर सुजला योजना का उद्देश्य किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है, इसलिए यह आवश्यक है कि पंप स्थापना से पूर्व जलस्तर, बोरवेल की क्षमता एवं क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता का समुचित आकलन किया जाए। कलेक्टर ने योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को समय पर लाभ दिलाने, प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनाए रखने तथा हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने के लिए ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया। बैठक में कृषि, ऊर्जा एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने योजना की प्रगति से अवगत कराते हुए आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत की।
