दैनिक मूक पत्रिका बेमेतरा – 18 दिसंबर को प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज बेमेतरा के नेतृत्व में बहुनावागांव रोड स्थित गुरु बालक दास स्मृति स्थल, सतनाम धाम में परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम एवं विशाल सतनाम शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भुवन दास जांगड़े ने की। वहीं मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ प्रगतिशील सतनामी समाज के प्रदेश सचिव दिनेश बंजारे अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सतनाम धर्म के प्रतीक जैतखाम की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर पालो चढ़ाया तथा समाज, जिले एवं प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सभी को बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि दिनेश बंजारे ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी केवल एक संत नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। उन्होंने ऐसे दौर में सत्य, अहिंसा और समानता का संदेश दिया, जब समाज कुरीतियों और भेदभाव से ग्रस्त था। उनका अमर संदेश “मनखे-मनखे एक समान” आज भी समाज को जोड़ने और मानवता की रक्षा करने का सशक्त सूत्र है। उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास जी के विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है। सामाजिक समरसता और भाईचारे से ही एक सशक्त, शिक्षित और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

सम्बोधन के अंत में उन्होंने आयोजन समिति को इस प्रेरणादायी कार्यक्रम के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और जागरूकता का संचार करते हैं।
इसके पश्चात विशाल सतनाम शोभायात्रा गुरु बालक दास स्मृति स्थल सतनाम धाम से डीजे-घुमाल के साथ निकाली गई। सतनाम प्रेमियों ने पंथी नृत्य करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों—भारत माता चौक, परशुराम चौक एवं सिग्नल चौक—से होकर नगर भ्रमण किया। शोभायात्रा के दौरान आतिशबाजी कर श्रद्धालुओं ने अपनी खुशी का इजहार किया और देर रात तक नगर में उत्सवपूर्ण वातावरण बना रहा।

भोजन भंडारे का भी आयोजन
जयंती के अवसर पर शोभायात्रा के साथ-साथ भव्य भोजन भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद के रूप में भोजन ग्रहण किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजा लाल बंजारे, संरक्षक लखन लाल टोंड्रे, कुंजराम गेंडरे, प्रेमदास दोहरे, देवीचंद डेहरे, हिरऊ जांगड़े, कमलेश डिंडे, राजकुमार सोनवानी, सत्यनारायण, राजेंद्र घृतलहरे सहित बड़ी संख्या में सतनामी समाज के अनुयायी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
