दैनिक मूक पत्रिका बलरामपुर – आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव (संगठन) सकील अंसारी ने छत्तीसगढ़ सरकार पर 200 यूनिट तक हाफ बिल योजना को जनता को गुमराह करने वाला निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि पहले की 400 यूनिट तक हाफ बिल सुविधा को कम करके 100 यूनिट कर देना और फिर 200 यूनिट तक हाफ बिल लागू करना—सरकार की षड्यंत्रकारी एवं जनता-विरोधी नीति को दर्शाता है।
सकील अंसारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बढ़ी हुई बिजली दरों को लेकर जनता में बढ़ते रोष और आम आदमी पार्टी के प्रदेशव्यापी आंदोलन से घबराकर आनन-फानन में यह फैसला लाई है, जो “ऊंट के मुँह में जीरा” जैसा है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों से परेशान आम जनता को वास्तविक राहत तभी मिलेगी जब कम से कम 300 यूनिट बिजली पूरी तरह फ्री की जाए।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा 300 यूनिट बिजली फ्री दी जा रही है, जिसके कारण वहां की जनता बिजली को लेकर संतुष्ट है।
अंसारी ने कहा कि जब जुलाई 2025 से बिजली दर वृद्धि की घोषणा हुई थी, तब आम आदमी पार्टी ने 3 जुलाई 2025 व 4 नवम्बर 2025 को पूरे प्रदेश में विशाल धरना-प्रदर्शन कर सरकार को ज्ञापन सौंपा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी बढ़ी हुई बिजली दरों के खिलाफ आंदोलन आगे भी जारी रखेगी और छत्तीसगढ़ सरकार से मांग करती है कि राज्य में भी 300 यूनिट बिजली फ्री की सुविधा लागू की जाए।
