पुष्प अर्पित कर शहीद जवानो को दी गई श्रद्धांजलि
बीजापुर। नयापारा स्थित 85वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में शनिवार को पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। आयोजित सभा में अधिकारियों और जवानों ने पुष्प अर्पित किए और एक मिनट का मौन रखकर वीर सपूतों को नमन किया।
इस अवसर पर कमांडेंट सुनील कुमार राही ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा जिला में हुआ आत्मघाती हमला देश के सबसे दुखद आतंकी हमलों में से एक था। आतंकियों ने जम्मू से श्रीनगर जा रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के काफिले को निशाना बनाया था, जिसमें 40 से अधिक जवान शहीद हो गए थे। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों और जवानों ने देश की एकता और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से सेवा करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का माहौल गंभीर और सम्मान से भरा रहा।
