मूक पत्रिका नई दिल्ली। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए भारत बनाम वेस्टइंडीज दूसरे टेस्ट का नतीजा 5वें दिन निकला। भारत को जीतने के लिए आखिरी दिन 58 रन और बनाने थे, जिसे एक घंटे के अंदर बना टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट में 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी थी। भारत ने अपनी पहली पारी 518/5 पर घोषित की थी। यशस्वी जायसवाल (175) और गिल (129) ने शतकीय पारी खेली थी। पहली पारी में कुलदीप यादव ने भारत के लिए 5 विकेट लिए।
वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 पर सिमट गई थी, जिसके बाद भारत ने मेहमान टीम को फॉलोऑन दिया। जवाब में वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की, जॉन कैंपबेल और शाई होप ने शतक जड़ा। मेहमान टीम ने भारत के सामने जीत के लिए 121 रनों का लक्ष्य रखा था। मैच के आखिरी दिन भारत ने लक्ष्य हासिल कर 7 विकेट से जीत दर्ज की। ये गिल की कप्तानी में भारत की पहली टेस्ट सीरीज जीत है।
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 1 विकेट खोकर 63 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल के रूप में भारत का एकमात्र विकेट गिरा, वह 8 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद केएल राहुल (25) और साई सुदर्शन (30) ने पारी को आगे बढ़ाया और दिन का खेल खत्म होने तक दूसरा विकेट नहीं गिरने दिया। अब भारत को जीत के लिए 5वें दिन 58 रन और बनाने हैं।
IND vs WI दूसरे टेस्ट की हाइलाइट्स
टॉस जीतकर शुभमन गिल ने पहले बल्लेबाजी चुनी थी। पहले दिन यशस्वी जायसवाल ने अपना शतक (175) पूरा किया। साई सुदर्शन ने 87 और इससे पहले केएल राहुल ने 38 रन बनाए। दूसरे दिन शुभमन गिल ने अपनी सेंचुरी पूरी की, जायसवाल 175 पर रन आउट हो गए। नितीश कुमार रेड्डी ने 43 और ध्रुव जुरेल ने 44 रन बनाए। भारत ने पहली पारी 518/5 पर घोषित कर दी थी।
वेस्टइंडीज की पहली पारी 248 पर सिमट गई, मेहमान टीम के लिए पहली पारी में एलिक एथनाज (41) ने सर्वाधिक रन बनाए। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए, रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट चटकाए। सिराज और बुमराह को 1-1 विकेट मिला। वेस्टइंडीज फॉलो-ऑन बचा नहीं पाई, गिल ने मेहमान टीम को दोबारा बल्लेबाजी के लिए बुलाया।
लग रहा था कि टेस्ट के तीसरे दिन नतीजा निकल जाएगा, लेकिन ये पांचवें दिन तक पहुंचा क्योंकि वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में जॉन कैंपबेल (115) और शाई होप (103) ने शतक जड़ा। इसके बाद रोस्टन चेज ने 40 और जस्टिन ग्रीव्स ने अर्धशतक (50) जड़ा। वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में 390 रन बनाए और भारत के सामने जीत के लिए 121 रनों का लक्ष्य रखा।
