रायपुर/बीजापुर। बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों का हालचाल जानने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शुक्रवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और इलाज कर रहे चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अस्पताल में मौजूद अधिकारियों और डॉक्टरों से चर्चा के दौरान उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि घायल जवानों के इलाज में किसी भी तरह की कमी न रहे और सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएँ सुनिश्चित की जाएँ।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने घायल जवानों से बातचीत कर कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने जवानों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि शासन की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी।उन्होंने कहा कि नक्सल विरोधी अभियानों में तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और साहस के साथ प्रदेश की सुरक्षा में जुटे हैं, और उनका योगदान बेहद अहम है।
गौरतलब है कि 25 जनवरी को कर्रेगुट्टा पहाड़ी इलाके में एक के बाद एक कुल 6 आईईडी विस्फोट हुए थे। इन विस्फोटों में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के 12 जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया था। इनमें से 6 जवान इलाज के बाद स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए जा चुके हैं, जबकि शेष जवानों की हालत में भी लगातार सुधार हो रहा है।
