मतदाता सूची अद्यतन, फॉर्मों की स्थिति और एसआईआर प्रक्रिया पर सभी दलों को दी गई विस्तृत जानकारी
दैनिक मूक पत्रिका कुसमी – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बीते मंगलवार 30 दिसंबर 2025 को कुसमी अनुविभागीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कुसमी करुणा डहेरिया के मार्गदर्शन एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) 08 सामरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एसडीएम करुणा डहेरिया एवं ईआरओ द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें मैपिंग से संबंधित नोटिसों की वर्तमान स्थिति, प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात निर्धारित तिथि से लेकर बैठक दिवस तक प्राप्त फॉर्म 6, 7, 8, 9, 10, 11, 11ए एवं 11बी की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
निर्वाचन अधिकारी द्वारा इन सभी फॉर्मों का अद्यतन विवरण प्रस्तुत करते हुए उनकी हार्ड कॉपी उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और सभी दलों को अद्यतन जानकारी मिल सके।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और सुझाव रखे, जिनका समाधान निर्वाचन अधिकारी द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। साथ ही मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाए रखने में राजनीतिक दलों की भूमिका पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी से जिला उपाध्यक्ष आनंद जायसवाल, इंडियन नेशनल कांग्रेस से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के हरीश मिश्रा, तथा आम आदमी पार्टी से शकील अंसारी को संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां विधिवत सौंपी गईं।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थिति नगर के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद भगत, नगर पंचायत 08 के पार्षद वाहिद अली, पार्षद पारस पाल, भाजपा विनोद गुप्ता रहे।
प्रशासन द्वारा सभी दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की गई।
