दैनिक मूक पत्रिका जगदलपुर। मेडिकल कॉलेज में इलाज करवाने गई एक एचआईव्ही महिला मरीज की पहचान उजागर करने का मामला सामने आया है। गर्भवती महिला के पति का आरोप है कि, स्टाफ नर्सों ने अन्य मरीजों के सामने पत्नी की बीमारी की बात कही। उससे बेड भी साफ करवाया। अब पति ने मेडिकल कॉलेज के डीन और परपा पुलिस थाने में लिखित शिकायत की है।
दरअसल, गर्भवती महिला डिलीवरी के लिए मेडिकल कॉलेज के गायनिक वार्ड पहुंची थी। महिला एचआईव्ही मरीज भी है। पति का आरोप है कि ड्यूटी में मौजूद डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों ने बदसलूकी की। एचआईव्ही बीमारी को सबके सामने उजागर कर दिया। अपमानजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि इसके साथ मत रहो तुम्हें भी एचआईव्ही हो जाएगा। महिला के पति ने परपा पुलिस थाने में दी अपनी शिकायत में कहा है कि, जिस बेड में उसकी पत्नी को भर्ती किया गया उस बेड की सफाई भी उसी से करवाई गई। इधर, मेडिकल कॉलेज के डीन प्रदीप बेग का कहना है कि अस्पताल अधीक्षक के माध्यम से गायनिक डिपार्टमेंट के एचओडी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनकी तरफ से जवाब आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
