बीजापुर। अतिसंवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनात 85 बटालियन सीआरपीएफ ने ग्राम पेद्दापारा में सिविक एक्शन कार्यक्रम और निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई। कार्यक्रम 25 फरवरी को डी/85 के तैनाती क्षेत्र में आयोजित हुआ, जिसमें आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कमांडेंट सुनील कुमार राही के मार्गदर्शन और उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में पेद्दापारा के साथ पारा बुर्जी, नैनपाल, गोंगला, दुआलीपारा-कोटियापारा, बड्डेपारा, गंगालूर और पुलसुमपारा के करीब 170 से अधिक ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग के घरेलू सामान, कृषि उपकरण और खेल सामग्री वितरित की गई। साथ ही चिकित्सा शिविर में बटालियन के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को आवश्यक दवाइयों के साथ विटामिन की कमी से संबंधित दवाएं और टॉनिक भी दिए गए। ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें सीधी मदद मिलती है और भरोसा बढ़ता है।

कमांडेंट सुनील कुमार राही ने कहा कि बटालियन बीजापुर में तैनाती के दौरान लगातार जनहित के कार्यक्रम चला रही है। समय समय पर घरेलू उपयोग की सामग्री वितरण और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि दूरस्थ इलाकों के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल ग्रामीणों से संवाद बढ़ाकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों से जनता और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास मजबूत होगा और विकास कार्यों में स्थानीय सहभागिता भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार, सहायक कमांडेंट उमेश कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, अन्य अधिकारी व जवान मौजूद रहे। ग्राम बुर्जी की सरपंच श्रीमती सरिता हेमला सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
