बीजापुर। जिले के ग्राम पेरमपल्ली में मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम और निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक सीजी सेक्टर श्री शालीन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑप्स) रेंज बीजापुर श्री बी.एस. नेगी के मार्गदर्शन में कमांडेंट कुमार मनीष की अध्यक्षता में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एफ/196वीं वाहिनी के कैंप कमांडर सहायक कमांडेंट प्रेमजीत, निरीक्षक दीपक तथा निरीक्षक रूप सिंह गुर्जर की मौजूदगी में ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें ड्रम, कंबल, सोलर लैंप, कृषि कार्य के लिए संसाधन, पानी के पंप, स्कूल बैग, पाठ्य एवं लेखन सामग्री, कपड़े, खेल सामग्री और जूते शामिल रहे।
इसी के साथ आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. साई कृष्णा और चिकित्साधिकारी शुभम नितिन पंवार सहित मेडिकल स्टाफ ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की जांच कर आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं तथा मलेरिया की जांच भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पेरमपल्ली के ग्रामीणों से संवाद कर उनकी स्थानीय समस्याओं और जरूरतों की जानकारी भी ली। गांव के सरपंच और उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के बीच विश्वास और सहयोग और मजबूत होता है।

ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर एफ/196वीं वाहिनी के जवानों की ओर से ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।
सीआरपीएफ 196वीं बटालियन द्वारा अपने परिचालन क्षेत्र में लगातार किए जा रहे ऐसे सिविक कार्यक्रमों को सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच भरोसे और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
