दैनिक मूक पत्रिका सुकमा – सुकमा के मेन रोड स्थित दुर्गा ज्वेलर्स में बंदूक की नोक पर हुई लूट की सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हरीश कवासी ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा के शासन में अब व्यापारी भी सुरक्षित नहीं हैं, यह सरकार पूरी तरह कानून व्यवस्था संभालने में विफल हो चुकी है। सुकमा मुख्यालय में अगर खुलेआम ऐसी वारदात हो सकती है तो अंदरूनी ग्रामों में और हाट बाजारों के व्यापारी कहा तक सुरक्षित”
हरीश कवासी ने कहा कि सुकमा जैसे शांत जिले में इससे पहले कभी इस तरह की सशस्त्र लूट की घटना नहीं हुई, लेकिन भाजपा के “डबल इंजन” की सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब खुलेआम हथियार लेकर व्यापारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि
“डबल इंजन की सरकार का दावा केवल भाषणों तक सीमित रह गया है, जमीनी हकीकत यह है कि जिले की कानून व्यवस्था पूरी तरह लाचार हो चुकी है। अपराधियों में पुलिस का कोई भय नहीं बचा है।”
श्री कवासी ने यह भी कहा कि पुलिस ने 3 घंटे में आरोपियों को पकड़कर सराहनीय कार्य किया है, लेकिन सवाल यह है कि अपराध हुआ ही क्यों? यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती, तो व्यापारी को बंदूक की नोक पर लूट का सामना नहीं करना पड़ता।
उन्होंने सरकार से मांग की कि:
सुकमा नगर सहित पूरे जिले में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए
सभी प्रमुख बाजारों में सीसीटीवी और पुलिस पेट्रोलिंग अनिवार्य की जाए
व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा योजना लागू की जाए
अंत में हरीश कवासी ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी और भाजपा सरकार की विफलताओं को सड़क से सदन तक उजागर करती रहेगी।”
